उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी से आज यहां नीदरलैण्ड्स गणराज्य के राजदूत अल्फोन्सुस स्तूलिंगा की अध्यक्षता में एक प्रतिनिधिमण्डल ने भेंट की। प्रतिनिधिमण्डल में लगभग 15 उद्योगों जैसे-पर्यावरण, डेयरी, कृषि, एग्रो प्रोसेसिंग, औद्यानिक विकास, पशुधन विकास, बायो फ्यूल एवं ग्रेजिंग इत्यादि के प्रतिनिधि सम्मिलित थे।

नीदरलैण्ड्स के राजदूत ने उत्तर प्रदेश में नीदरलैण्ड्स की कम्पनियों द्वारा निवेश किए जाने की इच्छा व्यक्त की। उन्होंने अवगत कराया कि नीदरलैण्ड्स द्वारा लखनऊ में अपना उप-दूतावास (Consulate), जो किसी भी देश का पहला उप-दूतावास है, खोला गया है। उनके द्वारा आशा व्यक्त की गई कि इस उप-दूतावास के माध्यम से लखनऊ उद्योग-जगत से जुड़ेगा तथा इससे प्रदेश और नीदरलैण्ड्स के बीच व्यापार में वृद्धि होगी।



















