खिलाड़ी नंबर 1- हार्दिक पटेल
गुजरात की सियासत में हार्दिक पटेल ने दो साल में जो हासिल कर दिखाया है, उसे पाने में नेताओं को दशकों लग जाते हैं. हार्दिक के पीछे इस वक्त पाटीदार समाज का बड़ा हिस्सा खड़ा दिखाई देता है. हार्दिक के तेवर बेहद तल्ख हैं. बीजेपी ने कभी उनके आरक्षण आंदोलन को डंडे के दम पर कुचला था. लेकिन चुनाव से पहले दुश्मनों को भी साधने की कवायद की जाती है. जहां कभी आंखें नहीं मिलती थीं, वहां गले लगाने की जल्दबाजी दिखाई दे रही है. पर, हार्दिक की तरफ से बीजेपी की पगडंडी पर किसी कदमताल के कोई निशान अब तक बरामद नहीं हुए हैं. यही, पार्टी की सबसे बड़ी चिंता भी है. उल्टे, हर गुजरते दिन के साथ हार्दिक बीजेपी पर हमलावर हो रहे हैं. ज्यादा दिन नहीं बीते जब बीजेपी ने हार्दिक पर दर्ज तमाम केस वापस लेने का ऐलान किया था. लगा कि रिझाने का ये सिलसिला हार्दिक का रुख बदलने में कामयाब होगा. लेकिन सिर्फ लगा…ऐसा कुछ हुआ नहीं.


















