नई दिल्ली :दिल्ली और यूपी में पिछले तीन दिन से जारी जोरदार बारिश ने आम जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। यूपी में बारिश, आंधी और बिजली गिरने से 58 लोगों की मौत हो गई है वहीं, दिल्ली में यमुना नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है, जिससे निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है।

शनिवार को करीब 11 बजे हथिनीकुंड बैराज से करीब 3,11,190 क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद यह खतरा और बढ़ गया है। वहीं उत्तराखंड में भी कई नदियां उफान पर हैं।
सहारनपुर में ‘आफत’ बनकर बरसा पानी
उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में गुरुवार से लगातार हो रही बारिश से 58 लोगों की मौत हो गई है। सबसे ज्यादा 11 मौतें सहारनपुर में हुई हैं। राहत आयुक्त कार्यालय के प्रवक्ता के मुताबिक, पिछले दो दिनों में अब तक 58 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। 50 से ज्यादा लोग जख्मी भी हुए हैं।

















