भ्रष्टाचार के मामले में दोषी करार दिए गए पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के शुक्रवार को लाहौर पहुंचते ही गिरफ्तार कर लिया गया। उनका पासपोर्ट भी जब्त कर लिया गया है। इसी मामले में सजायाफ्ता उनकी बेटी मरियम नवाज भी गिरफ्तार की गई हैं।

सूत्रों के मुताबिक शरीफ बेटी मरियम के साथ शुक्रवार भारतीय समयानुसार रात 9:20 बजे एतिहाद एयरलाइंस की उड़ान संख्या ईवाई-243 से लाहौर पहुंचे। हालांकि, उनका विमान करीब तीन घंटे की देरी से अबू धाबी से उड़ा। लाहौर पहुंचने से ऐन पहले खबर दी गई कि सुरक्षा कारणों से विमान को इस्लामाबाद डायवर्ट कर दिया गया। फिर अचानक लाहौर हवाई अड्डे पर उनके विमान के उतरने की सूचना मिली।
सूत्रों ने बताया कि विमान के लैंडिंग के बाद करीब एक दर्जन अधिकारी विमान में घुसे और अन्य यात्रियों को उतरने को कहा। इसके बाद राष्ट्रीय जवाबदेही ब्यूरो के तीन अधिकारियों ने शरीफ और मरियम का पासपोर्ट अपने कब्जे में ले लिया। आव्रजन संबंधी सभी औपचारिकताओं को पूरा कर रात 9:55बजे (भारतीय समयानुसार) दोनों की गिरफ्तारी दिखाई गई। उन्होंने बताया कि शरीफ और मरियम अधिकारियों से सहयोग कर रहे हैं।















/odishatv/media/media_files/2026/04/19/billionaire-entrepreneur-2026-04-19-23-55-02.jpg)


