गुजरात के निर्दलीय विधायक जिग्नेश मेवानी ने एक शख्स की पिटाई का वीडियो टि्वटर पर शेयर किया है। मेवानी का दावा है कि 40 वर्षीय शख्स दलित है और फैक्ट्री मालिक की पिटाई से उसकी मौत हो गई। मेवानी ने इस घटना पर कहा है कि यह ऊना से ज्यादा खतरनाक घटना है।

मेवानी ने इस घटना का एक वीडियो शेयर किया है। 18 सेकंड के इस वीडियो में दलित युवक को दीवार से बांधकर कुछ लोग बुरी तरह पीट रहे हैं। एक युवक उस बांधकर रस्सी को पकड़ा हुआ है और दूसरा आदमी उसे लोहे का रॉड से पीट रहा है। बाद में फैक्ट्री मालिक आता है और दलित की पिटाई कर रहे मजदूर के हाथ से लोहे का रॉड ले लेता है और फिर खुद दलित व्यक्ति की पिटाई शुरू कर देता है। दलित की बेरहमी से पिटाई का यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
मेवानी ने वीडियो के साथ लिखा, “मुकेश वान्या अनुसूचित जाति के हैं और राजकोट में एक फैक्ट्री मालिक ने उनकी पिटाई की, जिसमें उनकी मौत हो गई। फैक्ट्री मालिक ने उनकी पत्नी की पिटाई भी की।”
डीएसपी डीएम चौहान ने कहा कि हत्या के आरोप में 5 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया गया है। पुलिस ने चिराग वोरा, दिव्येश वोरा, जयसुख वोरा और तेजस वोरा को गिरफ्तार किया है। पांचवां आरोपी नाबालिग है।

















