भारत में कोरोना वायरस के संक्रमण के कुल मामलों की संख्या 4421 हो चुकी है, जिनमें मरने वालों की संख्या 114 है. सरकार का कहना है कि भारत अब संक्रमण के स्थानीय ट्रांसमिशन और कम्युनिटी ट्रांसमिशन चरणों के बीच में है.

Picture Courtesy CNN
भारत में कोरोना वायरस के संक्रमण के नए मामले अभी भी लगातार चिंताजनक गति से सामने आ रहे हैं. देश मेें कुल मामलों की संख्या 4421 हो चुकी है, जिनमें मरने वालों की संख्या 114 है. 326 लोग अभी तक ठीक भी हो चुके हैं. महाराष्ट्र में कुल 748 मामले हो गए हैं, तमिलनाडु में 621 और दिल्ली में 523 मामले हैं. सरकार का कहना है कि भारत अब संक्रमण के दूसरे और तीसरे चरणों के बीच में है, यानी स्थानीय ट्रांसमिशन और कम्युनिटी ट्रांसमिशन के बीच में.
तालाबंदी के कुल 21 दिनों में 14 दिन बीत चुके हैं और सरकार लगातार 14 अप्रैल के बाद उठाये जाने वाले संभावित कदमों पर विमर्श कर रही है. एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, कम से कम सात राज्यों ने तालाबंदी या उसके एक सीमित रूप को जारी रखने का निश्चय किया है. इनमें तेलंगाना, महाराष्ट्र, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, असम, छत्तीसगढ़ और झारखंड शामिल हैं.
तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव तालाबंदी को ही जारी रखने के पक्ष में हैं और उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस बारे में अपील की है. राव का कहना है, “हमारे पास संक्रमण को रोकने के लिए तालाबंदी के अलावा और कोई हथियार नहीं है…अर्थव्यवस्था छह महीने या साल भर में रिकवर कर जाएगी लेकिन अगर जानें गईं तो उन्हें वापस नहीं लाया जा सकेगा”.


















