ऑस्ट्रेलिया: फायरप्लेस में ईंटों के पीछे छिपी हुई 150 साल पुरानी किताब मिली
यह किताब उस समय की है जब 1872 और 1890 के बीच कियामा पब्लिक लाइब्रेरी, कियामा स्कूल ऑफ़ आर्ट्स में स्थित थी।

ऑस्ट्रेलिया के न्यू साउथ वेल्स राज्य में कियामा लाइब्रेरी को लगभग 150 साल बाद एक दुर्लभ किताब मिली है। यह किताब एक घर के रेनोवेशन के दौरान फायरप्लेस में ईंटों के पीछे छिपी हुई मिली थी।
लाइब्रेरी के अनुसार, घर के रेनोवेशन के दौरान एक पुरानी अलमारी (जिसे फायरप्लेस में ईंटों से बंद कर दिया गया था) मिली। उसी अलमारी में 1858 में छपी ऐतिहासिक किताब ‘द एंटीक्विटीज़ ऑफ़ एथेंस’ (The Antiquities of Athens) मिली, जिसे परिवार ने लाइब्रेरी को दान कर दिया।
यह किताब उस समय की है जब 1872 और 1890 के बीच कियामा पब्लिक लाइब्रेरी, कियामा स्कूल ऑफ़ आर्ट्स में स्थित थी।
हालांकि इस बात का कोई रिकॉर्ड नहीं है कि किताब लाइब्रेरी से कब ली गई थी, लेकिन अनुमान है कि इसे लगभग डेढ़ सदी पहले उधार लिया गया था।
दिलचस्प बात यह है कि लाइब्रेरी के अधिकारियों ने बताया कि अगर उस समय के नियमों के अनुसार जुर्माना लगाया जाता, तो किताब पर लगभग 20,000 अमेरिकी डॉलर का लेट फ़ीस (देरी का जुर्माना) लगता। लेकिन अब लाइब्रेरी ने देर से किताब लौटाने पर जुर्माना लगाने की व्यवस्था खत्म कर दी है।
अधिकारियों के अनुसार, किताब आश्चर्यजनक रूप से अच्छी स्थिति में सुरक्षित है। इसे अब पाठकों को दोबारा जारी नहीं किया जाएगा, बल्कि लाइब्रेरी के ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण कलेक्शन में प्रदर्शन के लिए रखा जाएगा।
















