लखनऊ. शनिवार सुबह एक पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट होने से छह लोगों की मौत हो गई है और 20 से ज्यादा गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंच गया है। वहीं, राज्य के सीएम अखिलेश यादव ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपए की सहायता राशि देने की घोषणा की है।
घटना मोहनलालगंज के सिसेंडी क्षेत्र की है। विस्फोट इतना तेज था कि मकान पूरी तरह धवस्त हो गया और आसपास के घरों में भी दरारें पड़ गईं। शुरुआती जांच में पता चला है कि फैक्ट्री में अवैध तौर पर दीवाली के लिए पटाखे बनाए जा रहे थे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह घर शफी मास्टर का है। बिना लाइसेंस के ढेर सारा बारूद भी बरामद हुआ है। गांव वालों का कहना है कि करीब 15 साल पहले ही यहां विस्फोट हुआ था। लेकिन, तब विस्फोट शक्तिशाली नहीं था और कुछ लोग झुलस गए थे।
धमाके की आवाज से इलाके में हड़कंप मच गई। आसपास के लोग दौड़ कर मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने मकान के मलबे में रखे लोगों को निकालने के लिए राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया। बाद में पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई।