गाजियाबाद में तबाही, दो की मौत
बारिश सबसे ज्यादा असर गाजियाबाद में दिखा, जहां हुए हादसों में किशोरी समेत दो लोगों की जान चली गई। जीटी रोड स्थित शहीदनगर में गुरुवार शाम 3 मंजिला इमारत गिरने से 4 भाई-बहन घायल हो गए, इनमें उपचार के दौरान एक किशोरी की मौत हो गई। एक अन्य व्यक्ति अपनी बेटी को घर ले जा रहा था, तभी करंट लगने उसकी मौत हो गई। बारिश के बाद फॉल्ट ठीक करने उतरे एक लाइनमैन के भी करंट की चपेट में आने की खबर है।
गाजियाबाद की सड़कों के साथ सोसायटियों का भी बुराहाल रहा। यहां वसुंधरा में सड़क धंसने से वार्तालोक और प्रज्ञा कुंज सोसायटी के कई फ्लैटों को खाली कराया गया है। इसके अलावा वसुंधरा की ही एसजी इम्प्रेशन सोसायटी में दीवार गिर गई, हालांकि इसमें किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
दरिया हुई दिल्ली
गुरुवार हुई मूसलाधार बारिश से राजधानी दिल्ली के कई इलाकों से पानी भरने की खबर आई। घरों से निकले लोग काफी देरी से अपने दफ्तरों तक पहुंच सके। दिल्ली की ज्यादातर सड़कों पर गाड़ियां रेंगती नजर आई। आलम यह रहा कि शुक्रवार सुबह तक भी इन सड़कों पर पानी भरा हुआ था। कई पॉश इलाकों में भी लोगों को वॉटर लॉगिंग की समस्या का सामना करना पड़ा।
शाहबेरी में दहशत का माहौल
ग्रेटर नोएडा के शाहबेरी में रह रहे लोग बारिश के बाद दहशत में हैं। बता दें कि पिछले दिनों इलाकें में एक 6 मंजिला इमारत गिरने से 9 लोगों को मौत हो गई थी। गुरुवार को भी ग्रेटर नोएडा के मुबारकपुर से दो मंजिला मकान गिरने की खबर आई, लेकिन इस घर में रह रहा परिवार सुरक्षित है। सोसायटियों में पानी भरने से लोगों की परेशानी बनी रही।



















