अमेरिकी अधिकारियों ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रेसिडेंशियल हेलीकॉप्टर, ‘मरीन वन’ और एक यात्री विमान के बीच सुरक्षित दूरी बनाए न रख पाने की कथित घटना की जांच शुरू कर दी है।
व्हाइट हाउस ने साफ़ किया है कि इस घटना के दौरान राष्ट्रपति ट्रंप को कोई खतरा नहीं था।

न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, मंगलवार को वॉशिंगटन एयरस्पेस में एयर ट्रैफिक कंट्रोल के बीच कम्युनिकेशन में हुई गड़बड़ी के कारण ‘मरीन वन’ और एक कमर्शियल यात्री विमान एक-दूसरे के एक मील से भी कम दूरी पर आ गए थे।
अमेरिकी नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) ने पुष्टि की है कि वह उस घटना की जांच कर रहा है जिसमें 4 अगस्त को रोनाल्ड रीगन वॉशिंगटन नेशनल एयरपोर्ट (DCA) से उड़ान भरने के दौरान एक कमर्शियल विमान और ‘मरीन वन’ के बीच सुरक्षित दूरी नहीं रखी गई थी।
व्हाइट हाउस के प्रवक्ता कुश देसाई ने AFP को बताया कि ‘मरीन वन’ को दुनिया के बेहतरीन पायलट उड़ाते हैं और राष्ट्रपति की जान को कभी कोई खतरा नहीं था।
UK से लौटते समय डोनाल्ड ट्रंप के हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी आ गई थी, जिसके कारण इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी थी।
अमेरिकी एयर रेगुलेटरी एजेंसी, फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) के मुताबिक, घटना के दौरान एयर ट्रैफिक कंट्रोलर ‘मरीन वन’ और कमर्शियल विमान, दोनों के पायलटों के लगातार संपर्क में थे।
FAA ने एक बयान में कहा कि राष्ट्रपति को कभी कोई खतरा नहीं था, और हम घटना की समीक्षा कर रहे हैं तथा जांच पूरी होने के बाद ज़रूरत पड़ने पर उचित सुधारात्मक कदम उठाएंगे।
वॉल स्ट्रीट जर्नल के मुताबिक, ऐसी स्थितियों में सुरक्षा नियमों के तहत दोनों विमानों के बीच कम से कम डेढ़ मील की हॉरिजॉन्टल दूरी और 500 फीट की वर्टिकल दूरी बनाए रखना ज़रूरी है।
रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 2:30 बजे हुई, जब अमेरिकन एयरलाइंस की सब्सिडियरी कंपनी ‘एनवॉय एयर’ द्वारा संचालित एम्ब्रेयर E-170 यात्री विमान ने वॉशिंगटन नेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरी।
उसी समय, ‘मरीन वन’ एंड्रयूज एयर फोर्स बेस की ओर जा रहा था, जहां से राष्ट्रपति ट्रंप को अपने प्रेसिडेंशियल विमान से कैलिफोर्निया के लिए रवाना होना था।
न तो अमेरिकन एयरलाइंस और न ही US मरीन कॉर्प्स (जो ‘मरीन वन’ का संचालन करता है) ने इस घटना पर तुरंत कोई टिप्पणी की। जनवरी 2025 में वॉशिंगटन नेशनल एयरपोर्ट के पास एक पैसेंजर प्लेन और अमेरिकी सेना के ब्लैक हॉक हेलिकॉप्टर की टक्कर में 67 लोगों की मौत के बाद, FAA ने उस इलाके में हवाई सुरक्षा नियमों को और कड़ा कर दिया है।


















