शहरनामा ब्यूरो | गुरुग्राम

लगातार हो रही बारिश ने गुरुग्राम की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। शहर के कई रिहायशी इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया, जिससे लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया। तस्वीर में एक पॉश कॉलोनी की सड़क पूरी तरह पानी में डूबी दिखाई दे रही है, जहां कई इंच पानी जमा होने से वाहन चालकों और स्थानीय निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बारिश के कारण जल निकासी व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर वर्ष मानसून के दौरान यही स्थिति बन जाती है, लेकिन स्थायी समाधान अब तक नहीं निकाला जा सका है। कई स्थानों पर जलभराव के कारण ट्रैफिक की रफ्तार धीमी पड़ गई और कार्यालय जाने वाले लोगों को काफी देर तक जाम में फंसे रहना पड़ा।
मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों तक और बारिश की संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अनावश्यक यात्रा से बचें तथा जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतें।


















