लखनऊ।: दिल्ली के शाहीनबाग की तर्ज पर राजधानी के चौक स्थित घंटाघर पर महिलाएं सीएए और एनआरसी के विरोध में लगातार प्रदर्शन कर रही हैं। आज 6वें दिन यानी कि बुधवार को भी उनका प्रदर्शन जारी है। वहीं, प्रदर्शन कर रही महिलाओं के समर्थन में वकीलों का हुजूम भी घंटाघर पहुंच गया।

वकीलों ने यहां मौजूद लोगों को संविधान की शपथ दिलाई, साथ ही संविधान जिंदाबाद के नारे भी लगाए। वकीलों ने कहा कि वो संविधान की रक्षा करेंगे और उसे मिटने नहीं देंगे। वकीलों में बड़ी संख्या में पुरुष व महिलाएं दोनों ही शामिल रहे। वकील घंटाघर पहुंचे लेकिन वो जहां महिलाएं प्रदर्शन कर रहीं थीं, वहां नहीं गये बल्कि घेरे के बाहर से उन्हें समर्थन दिया।

वहीं अधिवक्ता एवं पूर्व राज्यमंत्री यामीन खान ने सरकार के खिलाफ सख्त तेवर दिखाए। साथ ही अधिवक्ता मुसव्विर अली “मंशु” और महिला अधिवक्ता ने भी सरकार के नेगेटिव रवैये पर ऐतराज जताया। इसी कड़ी में प्रदर्शन कर रही महिलाओं को पुलिस प्रशासन द्वारा परेशान किए जाने पर मौजूद अधिवक्ताओं में काफी रोष भी दिखाई दिया।
अधिवक्तागणों का कहना है कि यदि पुलिस प्रशासन ने घंटाघर में स्थित टॉयलेट का ताला नहीं खुलवाया, तो हम लोग खुद ताला तोड़ देंगे, क्योंकि प्रशासन से कई बार बात करने के बाद भी टॉयलेट क ताला नहीं खोला गया है। इसके साथ ही हम सभी महिलाओं को ठंड से बचाने के लिए टेंट और आग की व्यवस्था भी करेंगे।
बताया जा रह है कि प्रदर्शन कर रहीं करीब 413 महिलाएं सुबह रोजा रखकर घंटाघर पहुंची। वहीं गंगा जमुनी तहजीब की मिसाल देते हुए सुबह के वक्त महिलाओं ने प्रदर्शन स्थल पर ही सहरी की। इसके साथ ही एक दर्जन हिंदू महिलाओं ने भी व्रत रखा।
वहीं दूसरी तरफ गोमतीनगर में सीएए और एनआरसी के खिलाफ महिलाओं का प्रदर्शन दुसरे दिन भी जारी है। जहां देर शाम भीषण ठंड में भी उजरियांव इलाके में स्थित गंज शहीदां कब्रिस्तान के पास महिलाओं का जमावड़ा शुरू हो गया। जैसे ही इसकी भनक पुलिस को लगी उन्होंने महिलाओं को वहां से उठने को कहा, लेकिन वे नहीं मानीं।
जिस तरह से महिलाएं घंटाघर पर प्रदर्शन के लिए डटीं हुई हैं, ठीक उसी तरह से गोमतीनगर में भी महिलाएं सीएए और एनआरसी के विरोध में आवाज बुलंद करने लगीं हैं। फिलहाल प्रदर्शन स्थल के पास भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है।
















/odishatv/media/media_files/2026/04/19/billionaire-entrepreneur-2026-04-19-23-55-02.jpg)


