लखनऊ में अधिवक्ता वेशधारी आपराधिक तत्वों पर शिकंजा, विशेष प्रकोष्ठ का गठन
लखनऊ। इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ के आदेश के अनुपालन में लखनऊ पुलिस ने अधिवक्ता के वेश में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त तत्वों पर प्रभावी कार्रवाई के लिए एक विशेष प्रकोष्ठ (Special Cell) का गठन किया है। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर इस प्रकोष्ठ का संचालन संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) की निगरानी में किया जाएगा, जिन्हें इसका नोडल अधिकारी बनाया गया है।

पुलिस के अनुसार, यह विशेष प्रकोष्ठ मुख्य रूप से जमीन, मकान, प्लॉट और अन्य संपत्तियों पर अवैध कब्जे, दबंगई, धोखाधड़ी तथा अधिवक्ता का वेश धारण कर अपराध करने वाले व्यक्तियों से संबंधित शिकायतों की निगरानी और समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित करेगा।
यह प्रकोष्ठ संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) कार्यालय परिसर के कक्ष संख्या-36 से संचालित होगा। पीड़ित व्यक्ति अपनी शिकायत सीधे कार्यालय पहुंचकर लिखित रूप में दर्ज करा सकेंगे। प्राप्त शिकायतों पर आवश्यक जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
लखनऊ पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति द्वारा अधिवक्ता की आड़ लेकर अवैध कब्जा, धमकी, वसूली या अन्य आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दिए जाने की जानकारी हो, तो उसकी सूचना तत्काल विशेष प्रकोष्ठ को दें, ताकि समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
प्रमुख बिंदु
इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ के आदेश पर विशेष प्रकोष्ठ का गठन।
संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) बनाए गए नोडल अधिकारी।
जमीन, मकान, प्लॉट और प्रॉपर्टी विवादों से जुड़ी शिकायतों पर विशेष निगरानी।
अधिवक्ता के वेश में अपराध करने वाले तत्वों पर रहेगी विशेष नजर।
कक्ष संख्या-36 में सीधे लिखित शिकायत दर्ज कराने की सुविधा।


















