अगरतला/शिलांग/कोहिमा। त्रिपुरा में अब तक मिले 40 सीटों के रूझानों के अनुसार, माकपा नीत वाम मोर्चा भाजपा तथा उसके सहयोगियों से पीछे है। चुनाव आयोग के सूत्रों के अनुसार, 23 सीटों पर भगवा दल अपने सहयोगियों के साथ आगे है वहीं माकपा नीत वाम मोर्चा केवल 17 सीटों पर आगे है।
मुख्यमंत्री मानिक सरकार धनपुर विधानसभा सीट पर आगे हैं। भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष विप्लव कुमार देव तथा पार्टी के विधायक सुदीप राय बर्मन क्रमश: बनमालीपुर और अगरतला सीटों पर आगे हैं। चुनाव आयोग के सूत्रों ने बताया कि त्रिपुरा में भाजपा 18 सीटों पर और उसकी सहयोगी इंडिजीनस पीपल्स फ्रंट ऑफ त्रिपुरा (आईपीएफटी) पांच सीटों पर आगे हैं।
60 सदस्यीय विधानसभा में 59 सीटों पर 18 फरवरी को चुनाव कराया गया। एक सीट पर माकपा प्रत्याशी के निधन की वजह से चुनाव रद्द कर दिया गया। मेघालय में अब तक मिले रूझानों के अनुसार, कांग्रेस 14 सीटों पर आगे चल रही है।
नेशनल पीपल्स पार्टी 6 सीटों पर और यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी तथा पीपल्स डेमोक्रेटिक फ्रंट चार-चार सीटों पर आगे चल रहे हैं। भाजपा दो सीटों पर और निर्दलीय भी दो सीटों पर आगे चल रहे हैं। मुख्यमंत्री मुकुल संगमा सोंगसाक सीट पर आगे चल रहे हैं।
राज्य की 60 सदस्यीय विधानसभा के लिए 27 फरवरी को चुनाव कराया गया था। नगालैंड से मिले रूझानों से संकेत मिलता है कि भाजपा और उसकी सहयोगी नेशनलिस्ट डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी (एनडीपीपी) पांच पांच सीटों पर आगे हैं।
राज्य में सत्तारूढ़ नगा पीपल्स फ्रंट नौ सीटों पर और नेशनल पीपल्स पार्टी तीन सीटों पर आगे है। जदयू तथा कंाग्रेस एक एक सीट पर आगे हैं। राज्य की 60 सदस्यीय विधानसभा के लिए 59 सीटों पर 27 फरवरी को मतदान हुआ था। नॉर्दन अंगामी-दो सीट से एनडीपीपी के प्रमुख नीफियू रियो निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं।