
दिल्ली हाई कोर्ट की जस्टिस ज्योति सिंह ने एक्टर सलमान खान की याचिका पर सुनवाई करते हुए बॉलीवुड फिल्म ‘काले हिरण: द बैटल फॉर लिगेसी’ के प्रोड्यूसर अमित जानी को निर्देश दिया है कि वे फिल्म से जुड़े टीज़र, पोस्टर और सभी ऑनलाइन इंटरव्यू तुरंत इंटरनेट से हटा दें।
सुनवाई के दौरान कोर्ट ने कहा कि यह सब तुरंत बंद होना चाहिए। एक बार किसी व्यक्ति की प्रतिष्ठा चली जाए, तो उसे वापस नहीं पाया जा सकता।
कोर्ट ने कहा कि फिल्म का प्रमोशनल मटीरियल सलमान खान को सीधे 1998 के ब्लैकबक शिकार मामले और गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई से जुड़े विवाद से जोड़ता है, जिससे एक्टर की जान और प्रतिष्ठा को गंभीर खतरा हो सकता है।
सलमान खान के वकीलों ने कोर्ट में तर्क दिया कि भले ही फिल्म में सलमान खान का नाम सीधे तौर पर इस्तेमाल नहीं किया गया है, लेकिन उनके जैसे दिखने वाले एक्टर को सलमान खान जैसा खास नीला ब्रेसलेट पहने दिखाया गया है, ताकि आम जनता उसे सलमान खान ही समझे।
उन्होंने कहा कि टीज़र में हमशक्ल किरदार के हाथ में बंदूक दिखाई गई है, जो जनता को गंभीर रूप से गुमराह करने वाला है क्योंकि सलमान खान को कोर्ट ने ‘आर्म्स एक्ट’ मामले में औपचारिक रूप से बरी कर दिया है।
सलमान खान की फिल्म ‘काला हिरण’ के मेकर्स को कानूनी नोटिस, रिलीज़ पर संकट
वकील ने कोर्ट में यह पक्ष रखा कि प्रोड्यूसर ने फिल्म के प्रचार के लिए सलमान खान की पर्सनैलिटी, उनके चर्चित मामलों और लॉरेंस बिश्नोई की धमकियों का कमर्शियल फायदा उठाने की कोशिश की है।
कोर्ट के आदेश के बाद, फिल्म के प्रोड्यूसर को सोशल मीडिया और यूट्यूब से सलमान खान से जुड़ा सारा कंटेंट और मीडिया इंटरव्यू हटाने होंगे।
#salmankhan #KalaHiran #bollywood

















