भारतीय एक्ट्रेस नेहा धूपिया ने पैपराज़ी द्वारा गलत तरीके से तस्वीरें और वीडियो लेने पर कड़ी नाराज़गी जताई है और उन्हें ऐसी हरकतें बंद करने की सलाह दी है।

मुंबई में एक अवॉर्ड सेरेमनी के दौरान, नेहा धूपिया सीधे फ़ोटोग्राफ़र्स के पास गईं और कहा, “पीछे से ऐसी अजीब तस्वीरें कौन लेता है? ऐसा मत करो, न मेरे साथ और न ही किसी और के साथ। हम यह बार-बार कह-कहकर थक गए हैं; हम बाहर निकलते हैं और आप लोग ऐसे वीडियो बनाते हैं।”
नेहा का यह रिएक्शन उनके हाल ही में वायरल हुए एक वीडियो के बाद आया है, जिसमें उन्हें ट्रैक पर दौड़ते हुए फ़िल्माया गया था।
एक्ट्रेस सोनाक्षी सिन्हा ने भी नेहा का समर्थन किया और वायरल वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा, “बहुत बढ़िया नेहा।”
कुछ दिन पहले, सोनाक्षी सिन्हा भी मुंबई में एक रेस्टोरेंट के बाहर पैपराज़ी के व्यवहार से नाराज़ दिखी थीं। वह अपने पति ज़हीर इक़बाल और पिता के साथ थीं, जहाँ उन्होंने हाथ जोड़कर कहा, “बस हो गया दोस्तों, धन्यवाद, गुड नाइट!” हालाँकि, इसके बावजूद कैमरे उनका पीछा करते रहे।
यह पहली बार नहीं है जब किसी भारतीय एक्टर ने अपनी निजी ज़िंदगी में पैपराज़ी के दखल या गलत एंगल से तस्वीरें लेने पर आपत्ति जताई हो। इससे पहले सलमान खान, जाह्नवी कपूर, पलक तिवारी और ज़रीन खान भी इस मुद्दे पर अपनी नाराज़गी ज़ाहिर कर चुके हैं।













