‘मैं ईरान का नंबर वन टारगेट हूँ, शायद मैं बच न पाऊँ’; ट्रंप को खतरे का एहसास
हो सकता है कि मैं भी न बचूँ क्योंकि मैं उनका पहला और सबसे बड़ा टारगेट हूँ: ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान की कथित “किल लिस्ट” (मारने की सूची) में वे नंबर वन पर हैं। ट्रंप ने यह बयान तुर्की में नाटो शिखर सम्मेलन के दौरान एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिया, जहाँ उन्होंने ईरान के खिलाफ अमेरिकी सैन्य अभियानों का बचाव भी किया।
अमेरिकी मीडिया के अनुसार, राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरान के मौजूदा और पूर्व नेताओं का जिक्र करते हुए कहा कि अगर तेहरान का व्यवहार नहीं बदला, तो उसके शासकों को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है।
उन्होंने कहा कि उनके नेता खत्म हो गए, फिर दूसरे नेता आए, वे भी खत्म हो गए। अब उनके पास नए नेता हैं, वे भी खत्म हो सकते हैं, कौन जानता है।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने आगे कहा कि और पता है क्या? हो सकता है कि मैं भी न बचूँ। क्योंकि मैं उनका नंबर वन टारगेट हूँ, हर जगह यही बात है कि मैं उनका नंबर वन टारगेट हूँ।
हालाँकि, ट्रंप ने इस दावे के समर्थन में कोई सबूत या विवरण नहीं दिया कि ईरान के पास वास्तव में ऐसी कोई सूची है।
ईरान के खिलाफ अमेरिकी कार्रवाई का बचाव करते हुए ट्रंप ने कहा कि मैं उनका नंबर वन टारगेट हूँ क्योंकि वे बहुत बुरे लोग हैं। वे 47 वर्षों से यही काम कर रहे हैं, लेकिन मैं वह कर रहा हूँ जो देश के लिए सही है और जो दुनिया के लिए सबसे अच्छा है।
ट्रंप ने ईरान द्वारा कथित हत्या की साजिश का भी जिक्र किया। उन्होंने यह टिप्पणी तब की जब पत्रकारों ने उनसे पूछा कि नाटो शिखर सम्मेलन से लौटने के लिए उन्होंने कतर द्वारा उपहार में दिए गए नए राष्ट्रपति विमान के बजाय पुराने एयर फोर्स वन का इस्तेमाल क्यों किया।
ट्रंप ने कहा कि नया विमान यूके में मिल्डेनहॉल एयर बेस भेजा गया था ताकि अमेरिकी सैन्यकर्मी उसे देख सकें। उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर लिखा कि सैनिकों को विमान का निरीक्षण करने का मौका मिलना चाहिए।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि हर कोई इस विमान को देखने के लिए बहुत उत्साहित है, हमने सोचा कि उन्हें ही सबसे पहले मौका मिलना चाहिए। पुरानी यादों के लिए, हम पुराने एयर फोर्स वन से तुर्की से रवाना होंगे।
हालाँकि, नए विमान के बजाय पुराने विमान के इस्तेमाल से यह अटकलें लगाई जा रही हैं कि नए विमान में शायद पूरी सुरक्षा क्षमताएँ नहीं हैं, खासकर ऐसे समय में जब अमेरिका ने ईरान के खिलाफ कार्रवाई की है। अमेरिकी अखबार ‘द न्यूयॉर्क टाइम्स’ के अनुसार, US सीक्रेट सर्विस के कहने पर सुरक्षा के लिहाज़ से पुराने विमान का इस्तेमाल किया गया था।
अखबार ने सूत्रों के हवाले से कहा कि नए विमान में वे सभी सुविधाएं नहीं हैं जो पुराने ‘एयर फोर्स वन’ में थीं, लेकिन यह फ़ैसला किसी खास खतरे को देखते हुए नहीं लिया गया था।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, पत्रकारों को यह भी निर्देश दिया गया था कि उड़ान के दौरान विमान की खिड़कियों के पर्दे बंद रखें, लेकिन इसकी वजह नहीं बताई गई।
बोइंग 747-8 विमान पिछले साल कतर के शाही परिवार ने ट्रंप को तोहफ़े में दिया था। ट्रंप ने पहले अमेरिकी राष्ट्रपति के विमान की हालत की आलोचना की थी, क्योंकि मौजूदा ‘एयर फोर्स वन’ विमान 1990 के दशक से इस्तेमाल हो रहे हैं।
नए विमान को अमेरिकी राष्ट्रपति के इस्तेमाल के लिए आधुनिक सुरक्षा प्रणालियों से लैस किया गया था और यह 1 जुलाई को पहली बार ट्रंप के साथ विदेश यात्रा पर रवाना हुआ। इस विमान का रंग भी बदला गया है, जिसमें लाल, सफ़ेद और नेवी ब्लू रंग जोड़े गए हैं।
दूसरी ओर, अमेरिका में कुछ लोगों ने कतर द्वारा करोड़ों डॉलर कीमत का विमान तोहफ़े में दिए जाने को लेकर नैतिक, संवैधानिक और सुरक्षा संबंधी चिंताएं भी जताई हैं।
अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, सरकार के नए ‘एयर फोर्स वन’ विमान की डिलीवरी में देरी के कारण मौजूदा विमानों का इस्तेमाल किया जा रहा है, जबकि नए विमानों के इस दशक के आखिर तक मिलने की उम्मीद है।
















