नयी दिल्ली :भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बागी नेता यशवंत सिन्हा ने पार्टी में अपने सहयोगी एवं सांसद शत्रुघ्न सिन्हा और कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस, आम आदमी पार्टी के नेताओं तथा मध्यप्रदेश एवं महाराष्ट्र के कुछ किसान नेताओं के साथ मिल कर एक दल निरपेक्ष राजनीतिक प्लेटफॉर्म ‘राष्ट्र मंच’ के गठन की आज घोषणा की।

उन्होंने कहा कि बताया जाता है कि हमारी सबसे बड़ी उपलब्धि विदेश नीति है, पर डोकलाम को ही देख लीजिए. खबरों को माने तो जो चीन 10% था वो 90 % हो गया है. अब कोई 56 इंच की छाती को नहीं पूछता.
सिन्हा बहुत दिनों से भारतीय जनता पार्टी और विशेष कर प्रधान मंत्री की नीतियों की आलोचना कर रहे थे.
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 70वीं पुण्यतिथि पर राजघाट में उनकी समाधि पर श्रद्धासुमन अर्पित करने के बाद सिन्हा ने यहां कांस्टीट्यूशन क्लब में अपने राजनीतिक, किन्तु गैर दलीय मंच के गठन की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि यह मंच देश के समक्ष ज्वलंत मुद्दों को जनता तक ले जाने और उन्हें जागरूक बनाने के लिए एक आंदोलन का काम करेगा और इसे कभी भी राजनीतिक दल नहीं बनने दिया जाएगा।

















