यहां पटरियों में पानी भरने की वजह से वडोदरा एक्सप्रेस को नालासोपारा और विरार के बीच रोक दिया गया. इस ट्रेन के यात्रियों का एनडीआरएफ और आरपीएफ ने नाव की मदद से रेस्क्यू किया. उन्हें नाव की मदद से नाला सोपारा लाया गया. इसके बाद यात्रियों को नैगांव ले जाने के लिए बस की व्यवस्था की गयी.
शहर और आस-पास के क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति करनेवाली सबसे बड़ी तुलसी झील में पानी लबालब भर गया है और यह उफनकर ऊपर बह रहा है. भारी बारिश की वजह से शहर और इसके पड़ोसी जिले पालघर और ठाणे के निचले इलाके की कई सड़कों और गलियों में पानी भर गया है. कुछ स्थानों पर लोग कमर तक गहरे पानी में चलते देखे गए.
गुरुवार तक होगी भारी बारिश
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बृहस्पतिवार तक भारी और भीषण बारिश का अनुमान व्यक्त किया है. मुंबई के लिए बारिश का स्तर दर्ज करने वाली आईएमडी कोलाबा वेधशाला ने बुधवार आठ बजकर 30 मिनट से आज आठ बजकर 30 मिनट तक यानी 24 घंटे में 165.8 मिमी बारिश दर्ज की. उपनगरीय मुंबई में बारिश का स्तर दर्ज करने वाली सांताक्रूज वेधशाला ने इसी दौरान 184. मिमी बारिश दर्ज की.



















