गांधीनगर: गुजरात में लगातार छठी बार सत्ता में आयी भाजपा की सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में आज मुख्यमंत्री विजय रूपाणी तथा उपमुख्यमंत्री नीतिन पटेल के अलावा कैबिनेट स्तर के आठ और राज्य स्तर के दस मंत्रियों को राज्यपाल ओ पी कोहली ने यहां सचिवालय मैदान पर पद और गोपनीयता की शपथ दिलायी।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के अलावा नीतिश कुमार, योगी आदित्यनाथ समेत भाजपा और राजग शासित 18 राज्यों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और राजनाथ सिंह, नीतिन गडकरी, रामविलास पासवान समेत कई केंद्रीय मंत्रियों और लालकृष्ण आडवाणी, पूर्व मुख्यमंत्री शंकरसिंह वाघेला, केशुभाई पटेल की मौजूदगी में यहां सचिवालय मैदान पर आयोजित इस समारोह में रूपाणी मंत्रिमंडल के गठन में जातिगत और क्षेत्रीय संतुलन भी साधने का पूरा प्रयास किया गया।
आज शपथ लेने वाले मंत्रियों में उपमुख्यमंत्री समेत पांच कैबिनेट स्तर के और कुल मिला कर छह मंत्री पाटीदार समुदाय के हैं।

















