मिस्र के सरकारी टेलीविज़न के मुताबिक, पूर्व राष्ट्रपति मोहम्मद मुर्सी अदालती कार्यवाही के दौरान बेहोश होकर गिर पड़े, जिसके बाद उनका निधन हो गया है।
सोमवार को 67 वर्षीय मुर्सी मिस्र की राजधानी क़ाहिरा की एक अदालत में पेश हुए थे, जहां बेहोशी के बाद उनका निधन हो गया।

इससे पहले जज के सामने उन्होंने 20 मिनट तक बात की उसके बाद वे बहुत थके हुए लगने लगे और बेहोश हो गए।
उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मुर्दा घोषित कर दिया।
मोहम्मद मुर्सी मिस्र के पूर्व तानाशाह होसनी मुबारक के ख़िलाफ़ जन क्रांति के बाद 2012 में लोकतांत्रिक रूप से देश के पहले राष्ट्रपति चुने गए थे।
हालांकि जुलाई 2013 में विशाल प्रदर्शनों के बाद सेना ने उनका तख़्ता पलट दिया।
मुस्लिम ब्रदरहुड संगठन से संबंध रखने वाले मुर्सी अपने चार साल के कार्यकाल में सिर्फ़ एक साल के लिए ही पद पर रहे।
उनके ख़िलाफ़ फ़िलिस्तीन के इस्लामी प्रतिरोधी संगठन “हमास के साथ सहयोग” करने और जासूसी जैसे आरोपों में मुक़दमला चल रहा था।



















