मिस्र के एक अरबपति ने सीरियाई शरणार्थियों की कठिनाईयों को कम करने और सम्मानजनक जीवन बिताने की आशा के ग्रीस के दो द्वीपों को ख़रीदने के लिए बातचीत शुरू कर दी है।इससे पहले मिस्र के अरबपति नक़ीब साविरिस ने भूमध्य द्वीप को ख़रीदने का ऑफ़र दिया था, लेकिन अब वे 3 अरब डॉलर की क़ीमत में 2 द्वीप ख़रीदने के लिए बातचीत कर रहे हैं।
रश्या टूडे की रिपोर्ट के मुताबिक़, साविरिस के कार्यालय ने एक बयान जारी करके कहा है कि हमने द्वीपों को ख़रीदने के लिए बातचीत शुरू कर दी है।
बयान में कहा गया है कि यह सौदा इस बात पर निर्भर है कि एथेंस कितने शरणार्थियों को वहां रहने की अनुमति देता है।
साविरिस ने आशा जताई कि ग्रीस सरकार, सीरिया के पड़ोसी देशों में शरणार्थियों की समस्याओं और उनके जीवन के ख़तरों के मद्देनज़र इस समझौते में आने वाली क़ानूनी अड़चनों को दूर करने में सहायता करेगी।
61 वर्षीय बिज़नेस टाइकून का कहना था कि राष्ट्र संघ की शरणार्थी एजेंसी यूएनएचसीआर ने इस योजना में सहयोग का आश्वासन दिया है।
मिस्री अरबपति ने इस योजना को पूरा करने के लिए एक संयुक्त स्टॉक कंपनी की स्थापना का भी एलान किया है।
संयुक्त राष्ट्र की एक रिपोर्ट के अनुसार सीरिया में जारी हिंसा के कारण वहां से क़रीब 40 लाख लोग पलायन कर चुके हैं।
संयुक्त राष्ट्र की शरणार्थी एजेंसी के प्रमुख एंटोनियो गुटेरिश ने इसे ‘इस पीढ़ी का सबसे भीषण मानवीय संकट’ क़रार दिया है।
संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार संस्था का कहना है कि अगर सीरिया से पलायन का सिलसिया यूं ही चलता रहा तो 2015 के अंत तक शरणार्थियों का आंकड़ा 42.7 लाख तक पहुँच सकता है।




/odishatv/media/media_files/2026/04/19/billionaire-entrepreneur-2026-04-19-23-55-02.jpg)













