चेन्नई:चेन्नई-मंगलोर एक्सप्रेस के चार डिब्बे आज तड़के कुड्डलोर के समीप पटरी से उतर गए जिससे 39 यात्री घायल हो गए। पुलिस और दक्षिण रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि यह हादसा कुड्डलोर जिले में वृद्धाचलम के पुवानुर के समीप हुआ जहां आज तड़के करीब दो बजे मंगलोर जा रही ट्रेन के चार डिब्बे पटरी से उतर गए। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि 39 घायल यात्रियों में से 36 को प्राथमिक उपचार मुहैया कराया गया जबकि तीन अन्य को वृद्धाचलम के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि हादसे के बाद इस व्यस्ततम मार्ग पर कुछ देर के लिए ट्रेन सेवाएं बाधित हो गईं। कई ट्रेनों को समीपवर्ती स्टेशनों पर रोका गया। बाद में ट्रेनें वैकल्पिक मार्गों पर चलाई गईं लेकिन वे विलंब से चल रही हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिला प्रशासन स्थिति का जायजा ले रहा है। परेशान यात्रियों को समीपवर्ती रेलवे स्टेशन या बस टर्मिनलों तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है ताकि वहां से वे आगे अपने गंतव्यों की ओर जा सकें।



















