इंडोनेशिया के चुनाव आयोग ने कहा था कि राष्ट्रपति जोको विडोडो ने 17 अप्रैल को चुनाव में जीत प्राप्त की है, वह दूसरे कार्यकाल के लिए 55.5 प्रतिशत मतों के साथ निर्वाचित हुए हैं।

प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक़, इंडोनेशिया में राष्ट्रपति चुनाव में हारे हुए उम्मीदवार पूर्व जनरल प्रबोवो सुबियांतो के समर्थकों ने इस देश की राजधानी जकार्ता में सड़कों पर निकल कर सुरक्षा बलों से भिड़ गए और उन्होंने पुलिस की एक इमारत तथा गाड़ियों में आग लगा दी। जकार्ता में कम से कम दो दर्जन से अधिक वाहनों को आग लगा दी गई। पुलिस पर पथराव भी किया गया। पुलिस ने आंसू गैस के गोले और रबर की गोलियां दाग़ीं तथा पानी की धारा छोड़ी। इस बीच प्राप्त समाचार के अनुसार पुलिस के साथ हुई झड़पों में छह लोगों की मौत हो गई है।
इंडोनेशिया के राष्ट्रीय पुलिस प्रवक्ता डेडी प्रसित्यो ने बताया कि प्रदर्शनकारी बुधवार रात को हिंसक हो गए और हिंसा रातभर जारी रही। हज़ारों लोगों को हिरासत में लिया गया है। इस बीच जकार्ता की सड़कों पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिए गए हैं। पूरे इंडोनेशिया में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है।
उल्लेखनयी है कि इंडोनेशिया के चुनाव आयोग ने मंगलवार को कहा था कि राष्ट्रपति जोको विडोडो ने 17 अप्रैल को चुनाव में जीत प्राप्त की है। वह दूसरे कार्यकाल के लिए 55.5 प्रतिशत मतों के साथ निर्वाचित हुए हैं। उनके प्रतिद्वंद्वी पूर्व जनरल प्रबोवो सुबियांतो ने चुनाव नतीजे मानने से इनकार कर दिया और खुद को विजेता घोषित कर दिया। उनकी योजना चुनाव को संवैधानिक अदालत में चुनौती देने की है।


















