इस्लामाबाद/नई दिल्ली. पाकिस्तान ने एक बार फिर भारत को धमकाया है। पाकिस्तान के नेशनल सिक्युरिटी एडवाइजर्स (एनएसए) सरताज अजीज ने मंगलवार को कहा- किसी ने पाकिस्तान के अंदर अगर ऑपरेशन चलाने की सोची तो उसे मुंहतोड़ जवाब देंगे। बता दें कि एक दिन पहले ही मोदी सरकार में मंत्री राज्यवर्धन राठौड़ ने कहा था कि जरूरत पड़ने पर भारत पाकिस्तान में दाऊद इब्राहिम और हाफिज सईद के खिलाफ ‘कोवर्ट ऑपरेशन’ चला सकता है।

सरताज ने क्या कहा?
इस्लामाबाद में अजीज ने कहा कि अगर दाऊद और हाफिज सईद को पकड़ने के लिए भारत पाकिस्तान में कोई ऑपरेशन चलाता है तो उसे जवाब दिया जाएगा। उन्होंने कहा, ”कोई पाकिस्तान के भीतर हमले के बारे में नहीं सोच सकता। यदि ऐसा कोई करता है तो उसे मुंहतोड़ जवाब देंगे। भारत की ओर से किसी भी वक्त हमले की धमकी से पाकिस्तान डरने या दबाव में आने वाला नहीं है। यदि भारत हमले के बारे में सोचता भी है तो उसे जवाब मिलेगा।”
क्या कहा था राठौड़ ने?
राठौड़ ने एक टीवी चैनल को इंटरव्यू में कहा था कि केंद्र सरकार दाऊद इब्राहिम और हाफिज सईद जैसे देश के दुश्मनों के खिलाफ स्पेशल ऑपरेशन कर सकती है। राठौड़ से जब यह पूछा गया कि म्यांमार में भारतीय सेना घुसपैठियों के खिलाफ स्पेशल ऑपरेशन कर सकती है तो दाऊद के खिलाफ क्यों नहीं? इस पर उन्होंने कहा, “हो सकता है, दाऊद के खिलाफ भी करें, लेकिन करने से पहले कोई चर्चा नहीं की जाएगी। करने के बाद हो सकता है, इस बारे में कुछ कहा जाए। ये डिपेंड करता है कि उस ऑपरेशन को सरकार क्या दर्जा देती है। वो कोवर्ट ऑपरेशन भी हो सकता है और स्पेशल ऑपरेशन भी।” राठौड़ ने ये भी कहा कि भारत केवल डोजियर ही नहीं दे रहा है, बल्कि हमारे पास दूसरे ऑप्शन भी खुले हैं। हम साम, दाम, दंड और भेद सब अपनाएंगे। उन्होंने कहा, “डोजियर तो देंगे ही, इसके अलावा बाकी सब कुछ भी होगा।” हालांकि बाद में मंत्री ने अपने बयान को क्लियर करने की कोशिश की थी और दावा किया था कि उनके स्टेटमेंट को गलत अंदाज में पेश किया गया।
पीएम मोदी के बारे में क्या कहा?
अजीज ने कहा, ”नरेंद्र मोदी ने एंटी-पाकिस्तान प्लेटफॉर्म पर ही अपना चुनाव लड़ा। वह अब पाकिस्तान से बातचीत के लिए शर्ते लगा रहे हैं। लेकिन पाकिस्तान कोई शर्त नहीं मानेगा। इसे लेकर हम अपना रुख दिल्ली को बता चुके हैं।”
कश्मीर और पाक रेंजर्स-बीएसएफ डीजी मीटिंग पर क्या कहा?
अजीज ने कहा कि पूरी दुनिया दोनों देशों के बीच कश्मीर समेत सभी मुद्दों पर बातचीत और प्रॉबल्म खत्म करने की कोशिशों को सपोर्ट कर रही है। लेकिन कश्मीर को शामिल किए बिना कोई बातचीत फायदेमंद नहीं होगी। उन्होंने कहा कि कल पाकिस्तान रेंजर्स और बीएसएफ के बीच डीजी लेवल की मीटिंग में बॉर्डर का मुद्दा उठाएगा। पाकिस्तान मीटिंग में बिना उकसावे के गोलीबारी और अपने नागरिकों के मारे जाने की बात कह रहा है। उन्होंने कहा कि इस मीटिंग का कारण एलओसी पर दोनों देशों के बीच तनाव को कम करना है।
राहिल ने कश्मीर पर दिया बयान तो बीजेपी नेता ने क्या कहा?
पाकिस्तान के आर्मी चीफ जनरल राहिल शरीफ ने कहा था कि उनकी सेना दुनिया में किसी भी देश की सेना से बेहतर है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी सेना किसी भी तरह की जंग से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। कश्मीर का मसला पाकिस्तान के लिए अधूरा एजेंडा है और इसे हल किए बिना शांति नहीं हो सकती। 1965 की भारत-पाकिस्तान जंग के 50 साल पूरे होने के मौके पर रविवार को हुए एक प्रोग्राम में उन्होंने ये बातें कहीं। (शरीफ के स्टेटमेंट का वीडियो देखें) इस पर कमेंट करते हुए बीजेपी नेता सुब्रह्मण्यम स्वामी ने कहा है कि भारत ने पहले पाकिस्तान के दो टुकड़े किए (पाकिस्तान और बांग्लादेश), अब चार टुकड़े कर देगा।
Courtesy:bhaskar.com




/odishatv/media/media_files/2026/04/19/billionaire-entrepreneur-2026-04-19-23-55-02.jpg)













