नई दिल्ली. दिल्ली पुलिस ने दिल्ली के पूर्व कानून मंत्री सोमनाथ भारती की तलाश तेज कर दी है। मंगलवार को उत्तर प्रदेश के आगरा में आम आदमी पार्टी (आप) के दफ्तर में दिल्ली पुलिस ने रेड मारी। वहीं, भारती ने हाईकोर्ट में एंटिसिपेटरी बेल की पिटीशन दायर की है। बता दें कि भारती पर अपनी पत्नी लिपिका मित्रा को मारने-पीटने का आरोप लगा है। इसी मामले में दिल्ली के एक कोर्ट ने गैर जमानती वारंट जारी किया है।

भारती की तलाश में आगरा पहुंची दिल्ली पुलिस की टीम ने जब आप के दफ्तर पर रेड मारी तो बाहर खड़े पार्टी के समर्थकों ने हंगामा किया।
दिल्ली पुलिस भारती के कुत्ते की भी तलाश कर रही है। पुलिस ने कोर्ट से भारती के पालतू कुत्ते को भी कस्टडी में लेने की मांग की। पुलिस का मानना है कि भारती ने अपनी पत्नी को पालतू कुत्ते से कटवाया था। एक न्यूज वेबसाइट में छपी एक खबर के मुताबिक, भारती की एंटिसिपेटरी बेल की पिटीशन खारिज करने वाले एडिशनल सेशन जज संजय गर्ग से पुलिस ने भारती के डॉन नाम के पालतू कुत्ते को कस्टडी में लेने की इजाजत मांगी।
लिपिका ने आरोप लगाया कि मार्च 2013 में डॉन ने भारती के कहने पर उन पर हमला किया था। उस वक्त वह गर्भवती थीं। बता दें कि लिपिका ने मालवीय नगर से आप एमएलए भारती पर दो बार जान से मारने की कोशिश करने का भी आरोप लगाया है।
वकील ने कहा- कैसे होगी कुत्ते से पूछताछ?
भारती के वकील विजय अग्रवाल ने कोर्ट में दलील दी कि वह नहीं समझ पा रहे हैं कि पुलिस ने कैसे कुत्ते से पूछताछ या उसका बयान रिकॉर्ड करने का फैसला किया है। कुत्ते को कस्टडी में लेने की मांग के लिए अफसरों ने कारण बताने से इनकार कर दिया और कहा कि जांच जारी है। भारती से जुड़े सूत्रों का कहना है कि डॉन अभी फैमिली के साथ है।
कब दर्ज हुआ था मामला?
पिछले हफ्ते दिल्ली के पूर्व कानून मंत्री सोमनाथ भारती के खिलाफ उनकी पत्नी की लिपिका मित्रा की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया था। लिपिका ने सोमनाथ भारती पर घरेलू हिंसा और मेंटल टॉर्चर के आरोप लगाए हैं।
किन धाराओं के तहत मामला?
भारती के खिलाफ दिल्ली के द्वारका नॉर्थ के थाने में बुधवार को आईपीसी की धारा 307 (हत्या की कोशिश) और 498 (ए) (साथी के साथ क्रूरता) और 323 (जानबूझकर नुकसान पहुंचाने) के तहत एफआईआर दर्ज की गई।
अब तक क्या
– 7 जुलाई, 2015 कोर्ट ने भारती की एंटीसिपेटरी बेल की याचिका खारिज कर दी थी। कोर्ट का कहना था कि एप्लिकेशन प्रीमैच्योर है, क्योंकि भारती के खिलाफ कोई एफआईआर दर्ज नहीं हुई है।
– जून 2015 में लिपिका ने सोमनाथ भारती पर मारपीट समेत कई आरोप लगाए थे। वुमन कमीशन में भी शिकायत दर्ज कराई थी। लिपिका का कहना था कि भारती उनके साथ 2010 से मारपीट कर रहे हैं।
– सोमनाथ ने लिपिका आरोपों का जवाब देते हुए कहा था, ‘‘लिपिका नहीं चाहती कि मैं अपनी मां के साथ रहूं। वह चाहती है कि मैं राजनीति छोड़ दूं।’’ भारती के मुताबिक, ऐसा न करने की वजह से लिपिका इस तरह के आरोप लगा रही हैं।



















