नई दिल्ली: पाकिस्तान ने एक बार फिर जम्मू के सुंदरबनी सेक्टर में बिना उकसावे के युद्धविराम का उल्लंघन किया है. देर रात क़रीब सवा एक बजे पाकिस्तान की तरफ़ से बीएसएफ़ की चौकी को निशाना बनाकर गोलाबारी शुरू कर दी गई.

इस फ़ायरिंग में बीएसएफ़ के एएसआई एसएन यादव और कॉन्सटेबल बीके यादव गंभीर रूप से घायल हो गए. बाद में इलाज़ के दौरान ये दोनों जवान शहीद हो गए. इस गोलाबारी में पाकिस्तान की तरफ से 80 एमएम के मोर्टार और एमएमजी का भी इस्तेमाल किया गया. जिसमें एक महिला समेत तीन स्थानीय लोगों के भी घायल होने की ख़बर है. बीएसएफ ने इस कायराना कार्रवाई का मुंहतोड़ जवाब दिया.
पाकिस्तान की कायराना हरकत का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि बीती 29 मई को ही भारत और पाकिस्तान की सेना के डीजीएमओ के बीच सहमति बनी थी कि दोनों ही देश 2003 के सीजफायर समझौते का पूरी तरह से पालन करेंगे. इसके बाद अमेरिका और चीन तक ने इसका स्वागत किया था. लेकिन बीती रात पाकिस्तान ने फिर धोखा दिया और फायरिंग शुरू कर दी.














