ताजमहल का मई में रात में दीदार नहीं हो सकेगा। ऐसा रमजान का महीना शुरू होने के कारण होगा। रमजान के महीने में तरावीह के लिए जाने वाले नमाजियों को ही रात में प्रवेश दिया जाएगा। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर ताजमहल को रात में चार घंटे के लिए खोला जाता है।

आदेश के मुताबिक प्रत्येक पूर्णिमा से दो दिन पहले और दो दिन बाद ताजमहल को रात में आम सैलानियों के लिए रात 8.30 से 12.30 बजे तक खोला जाता है। इस अवधि में आधा-आधा घंटे के आठ स्लॉट होते हैं। प्रत्येक स्लॉट में 50-50 सैलानियों को रात में ताज का दीदार करने की अनुमति होती है। मई में रमजान पांच मई से शुरू हो रहा है।
ऐसी स्थिति में ताजमहल को सैलानियों के लिए रात में नहीं खोला जाएगा। इस बारे में पुरातत्व विभाग ने आदेश जारी किया है। आदेश में कहा गया है कि पांच मई से ताजमहल के शाम 7.30 बजे से बंद होने के बाद पूर्वी गेट से तरावीह के लिए जाने वाले नामजियों को ही प्रवेश दिया जाएगा। इसके चलते रात में आम सैलानियों के लिए महीने में पांच दिन खुलने वाला ताजमहल बंद रहेगा।
यमुना में पानी घटने से ताजमहल को खतरा, जानें कैसे
उत्तर प्रदेश अमन कमेटी के मुख्य संचालक मुनव्वर अली, महासचिव हाजी मिर्जा आसिम बेग, आरिफ तैमूरी, इब्राहीम जैदी ने कहा कि तरावीह के लिए नमाजी अधिक संख्या में तो पहुंचेगे, लेकिन उन्हें बताया गया है कि वह जरूरी सामान के अलावा ताज में अन्य कोई सामान लेकर न जाएं। उन्होंने बताया कि नमाजी को अपने साथ पहचान पत्र रखना आवश्यक होगा।


















