भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और आयरलैंड के प्रधानमंत्री एंडा केनी ने संयुक्त प्रेस कांफ़्रेंस में यह बात कही। इस अवसर पर
भारतीय प्रधानमंत्री मोदी ने संयुक्त राष्ट्र संघ की सुरक्षा परिषद की स्थायी सदस्यता और परमाणु आपूर्तिकर्ता समूह की सदस्यता के लिए आयरलैंड से भारत का समर्थन करने की अपील की। संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में नरेंद्र मोदी ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र संघ की सुरक्षा परिषद में बदलाव के लिए आयरलैंड भारत की पैरवी करेगा। मोदी ने कहा कि उनका यह संक्षिप्त दौरा बहुत महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक है।
मोदी ने कहा कि आईटी और डिजिटल क्षेत्र में दोनों देश सहयोग बढ़ाएंगे। मोदी ने कहा कि भारत और आयरलैंड के बीच आर्थिक सहयोग बढ़ेगा। इस अवसर पर आयरलैंड के प्रधानमंत्री एंडा केनी ने कहा कि शिक्षा और तकनीक के क्षेत्र में दोनों देश आपसी सहयोग बढ़ाएंगे। उनका कहना था कि आयरलैंड सुरक्षा परिषद में बदलाव और भारत के पक्ष में पैरवी करेगा। इस अवसर पर दोनों देशों के मध्य शिक्षा और तकनीक के क्षेत्र में कई समझौतों पर हस्ताक्षर हुए।
दूसरी ओर न्यूयॉर्क में होने वाली संयुक्त राष्ट्र की महासभा में भाग लेने के लिए नरेंद्र मोदी न्यूयॉर्क पहुंच गए हैं। सुबह साढ़े चार बजे उनका विशेष विमान न्यूयॉर्क के जॉन एफ़ कैनेडी एयरपोर्ट पर उतरा।



















