संयुक्त राष्ट्र संघ के महासचिव ने कहा है कि सीरियाई जनता को ही असद के भविष्य के बारे में निर्णय करना होगा।
स्पेन से प्रकाशित होने वाले समाचारपत्र अलमोंदो से बात करते हुए बान की मून ने कहा है कि सीरिया संकट के समाधान के बारे में वार्ता, राष्ट्रपति बश्शार असद के भविष्य से जुड़ गई है कि जो अस्वीकार्य है। उन्होंने कहा कि राजनैतिक वार्ता की प्रक्रिया का पूर्ण रूप से किसी एक व्यक्ति के भविष्य पर निर्भर होने पूरी तरह से अन्यायपूर्ण, तर्कहीन और अस्वीकार्य है। बान की मून ने कहा कि ऐसी स्थिति में जब सीरियाई सरकार, किसी भी प्रकार की अंतरिम सरकार में बश्शार असद की उपस्थिति पर आग्रह कर रही है, दूसरे विशेष कर पश्चिमी देश कह रहे हैं कि अंतरिम काल में असद का कोई स्थान नहीं है। संयुक्त राष्ट्र संघ के महासचिव ने कहा कि पिछले तीन वर्षों में हमने ढाई लाख से अधिक लोगों की जान, सवा करोड़ से अधिक लोगों के बेघर होने और इस देश के आधे से अधिक अस्पतालों, स्कूलों और मूलभूत ढांचे की तबाही सहित जो कुछ खोया है उसके दृष्टिगत अब हमारे पास खोने के लिए समय नहीं है।
ज्ञात रहे कि शुक्रवार को वियना में सीरिया संकट के समाधान हेतु मतभेदों को कम करने के लिए सत्रह देशों के कूटनयिकों और संयुक्त राष्ट्र संघ व यूरोपीय संघ के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित हुई जिसमें सीरियाई सरकार और उसके विरोधियों को शामिल नहीं किया गया था।



















