लखनऊ। निर्माणाधीन मुख्यमंत्री सचिवालय परिसर में विधान भवन गेट नंबर तीन के सामने सोमवार दोपहर मिट्टी में हड्डी मिलने से हड़कंप मच गया। मजदूर यहां नर कंकाल होने आशंका जताने लगे। हालांकि जिस स्थान पर हड्डी दबी मिली, उसके पास ही चार मजारें भी हैं।
ऐसे में कंकाल होने की संभावना से इन्कार नहीं किया जा सकता। मौके पर पहुंचे एसीएम प्रथम अनिल कुमार सिंह, सीओ हजरतगंज राजेश श्रीवास्तव, इंस्पेक्टर हजरतगंज अशोक कुमार वर्मा ने जायजा भी लिया। एसीएम प्रथम का कहना है कि मिट्टी के बीच करीब दस इंच की हड्डी दबी दिखाई दी थी। उन्होंने नरकंकाल होने की बात से इन्कार किया है।
विधानभवन के सामने दारुलशफा परिसर के एक हिस्से में इन दिनों मुख्यमंत्री सचिवालय निर्माण चल रहा है। वर्तमान में यहां काफी गहराई तक मिट्टी खोदी गई है। विधान भवन गेट नंबर तीन के सामने पुराने धरना स्थल के गेट से चंद कदम आगे मजदूरों ने सोमवार दोपहर करीब तीन फीट गहराई में हड्डी दबी होने की बात कहने लगे। हड्डी पैर के हिस्से की बताई जा रही है। बारिश के कारण हुए कटाव से हड्डी सामने से दिखाई दे रही थी। अधिकारियों ने पहुंचकर छानबीन की और जल्द ही वहां से लौट गए। इसके बाद मजदूरों ने वहां लोहे की जाली लगाकर मिट्टी भरने का काम शुरू कर दिया था।