पटना:जनता दल युनाइटेड के नेता नीतीश कुमार ने आज पांचवीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में राज्यपाल रामनाथ कोविंद ने कुमार को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। खचाखच भरे मैदान में नीतीश ने शपथ लेने से पहले आमंत्रित गणमान्य लोगों से मुलाकात की और जनता का अभिवादन किया।
नीतीश के बाद राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव के छोटे बेटे तेजस्वी यादव ने कैबिनेट मंत्री पद की शपथ ली। उन्हें उप मुख्यमंत्री बनाए जाने के आसार हैं। तीसरे नंबर पर लालू प्रसाद के बड़े पुत्र तेज प्रताप यादव ने कैबिनेट मंत्री पद की शपथ ली। राजद के वरिष्ठ नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी ने भी कैबिनेट मंत्री पद की शपथ ली। बिजेन्द्र प्रसाद यादव, राजीव रंजन सिंह, श्रवण कुमार, जय कुमार सिंह, आलोक मेहता, चंद्रिका राय ने भी कैबिनेट मंत्री पद की शपथ ली।
अब्दुल बारी-वित्त मंत्रालय
राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह- जल संसाधन विभाग
तेज प्रताप स्वास्थ्य मंत्रालय
शपथ कार्यक्रम में पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा, केंद्रीय मंत्री वेंकैया नायडू, राजीव प्रताप रुडी, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया, जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारुक अब्दुल्ला, उमर अब्दुल्ला, जदयू अध्यक्ष शरद यादव, राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव और उनकी पत्नी तथा पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी तथा कई अन्य राज्यों के गैर भाजपा दलों के नेता मौजूद थे। कार्यक्रम में कांग्रेस के भी कई राज्यों के नेताओं की उपस्थिति रही।
गौरतलब है कि बिहार की 243 सदस्यीय विधानसभा के लिए हुए चुनावों में राजद को 80 सीटें, जदयू को 71 सीटें और कांग्रेस को 27 सीटें मिली हैं। इस प्रकार राजद, जदयू और कांग्रेस के महागठबंध्न को कुल 178 सीटें हासिल हुई हैं।




















