दिनेश तलवार ने सोमवार को कहा कि राजेश और नूपुर अभी मीडिया से बात करने की स्थिति में नहीं हैं। बता दें कि गाजियाबाद के डासना जेल में 4 साल बिताने के बाद राजेश और नूपुर तलवार सोमवार शाम को रिहा हुए। दिनेश ने कहा, ‘आरुषि को खोने का दर्द कभी जाने वाला नहीं है। अब इससे आगे देखना है। तलवार दंपती इस समय बात करने की स्थिति में नहीं हैं।’ गौरतलब है कि इलाहाबाद हाई कोर्ट ने 12 अक्टूबर को तलवार दंपती को अपनी बेटी आरुषि और नौकर हेमराज की हत्या के आरोप से बरी कर दिया था। 2013 में सीबीआई की एक विशेष अदालत ने दोनों को दोषी करार देते हुए सजा सुनाई थी। जेल से रिहा होने के बाद तलवार दंपती को पुलिस सुरक्षा में नोएडा के जलवायु विहार में नूपुर की मां के घर पहुंचाया गया। इसी सोसायटी में राजेश तलवार का भी घर है जहां 2008 में आरुषि और हेमराज की हत्या हुई थी।



















