लखनऊ। नागरिकता कानून (सीएए) के विरोध में देश भर में हो चुकी हिंसा के बाद अब महिलाओं ने कमान संभाल ली है। दिल्ली के शाहीन बाग की तर्ज पर कई राज्यों में महिलाएं धरना प्रदर्शन में जुट रही हैं।

शुक्रवार से लखनऊ के हुसैनाबाद स्थित घंटाघर पर दर्जनों महिलाओं ने सीएए, एनआरसी और एनपीआर के विरोध में शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में महिलाओं के साथ बच्चे भी शामिल हैं। हांथों में तख्तियां लेकर प्रदर्शन कर रहीं महिलाएं और बच्चे ठण्ड और बारिश के बावजूद घर जाने को तैयार नहीं हैं।

महिलाओं का कहना है कि उनका अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन है। फिलहाल पुलिस व प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे हुए हैं। महिलाओं को समझा बुझा कर घर भेजने का प्रयास किया जा रहा है। मौके पर भारी संख्या में यूपी पुलिस व आरएएफ बल मौजूद है।

प्रदर्शन कर रहीं महिलाओं ने कहा, हमारी मांग है कि सीएए और एनआरसी को वापस लिया जाए। कहा कि जिस तरह से पूरे देश में प्रदर्शन हो रहा है, उसी तरह लखनऊ में हम लोगों ने प्रदर्शन शुरू किया है। जब तक सीएए और एनआरसी वापस नहीं लिया जाएगा तब तक शाहीन बाग की तरह हमारा भी प्रदर्शन जारी रहेगा।
हम यहां शाहीबाग की तरह चौबीसों घण्टे अनिश्चित समय तक के लिए प्रदर्शन करेंगे। प्रदर्शन कर रहीं महिलाओं ने कहा कि हम लोग 3 बजे से यहां बैठे हुए हैं, अभी तक किसी अधिकारी के साथ हमारी वार्ता नहीं हुई है।















/odishatv/media/media_files/2026/04/19/billionaire-entrepreneur-2026-04-19-23-55-02.jpg)


