झाबुआ:मध्य प्रदेश के झाबुआ से लगभग 60 किलोमीटर दूर पेटलावद में तीन मंजिला एक होटल में आज सुबह हुए भीषण विस्फोट में 82लोगों की मौत हो गई और 55 से अधिक लोग घायल हुए हैं। विस्फोट से होटल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। झाबुआ की कलेक्टर अरुणा गुप्ता ने आज पूर्वान्ह यह जानकारी देते हुए बताया कि मलबे से अब तक 82 शव निकाले जा चुके हैं और उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उन्होंने कहा कि लगभग 55 लोग इस विस्फोट में घायल हुए हैं, जिन्हें निकटवर्ती अस्पतालों में भर्ती किया गया है।
उन्होंने कहा कि घटना में मारे गए लोगों के परिवारजनों ने अपने प्रियजन के शव पहचान लिए हैं। उन्होंने कहा कि मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए बचाव कार्य अभी चल रहा है। अरुणा ने कहा कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि होटल के निकट स्थित किसी दुकान में कुछ विस्फोटक रखे हुए थे, जिसकी वजह से यह विस्फोट हुआ। हालांकि विस्फोट के कारण का पता लगाने के लिए जांच चल रही है।
पेटलावद के अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (एसडीओपी) एआर खान ने कहा कि यह विस्फोट होटल के निकट स्थित एक दुकान में हुआ, जहां भारी मात्रा विस्फोटक रखे हुए थे। इससे पहले पुलिस ने बताया था कि होटल में रखे रसाई गैस सिलेण्डर फटने से यह हादसा हुआ है। झाबुआ के पुलिस अधीक्षक जीजी पाण्डे ने कहा कि वह घटनास्थल के रास्ते में हैं।
उधर, भोपाल में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने घटना पर दुःख व्यक्त करते हुए इसमें मारे गए लोगों के परिवारों के लिए दो-दो लाख रूपये की तात्कालिक आर्थिक मदद देने की घोषणा की है। उन्होंने गंभीर रूप से घायलों के लिए 50-50 हजार और मामूली रूप से घायलों के लिए भी 25-25 हजार रूपये देने का कहा है।
प्रदेश के गृह मंत्री बाबूलाल गौर ने भी घटना पर दुःख जताया है। उन्होंने कहा कि विस्फोट की जांच के आदेश दे दिए गए हैं और प्रशासन से कहा गया है कि वह मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालने तथा बचाव कार्य तेजी से करें और इसमें स्थानीय लोगों की भी मदद लें। यह पूछने पर कि क्या इस विस्फोट में कोई साजिश तो नहीं है, गृह मंत्री ने कहा कि जांच में सभी पहलुओं को शामिल किया जाएगा और उसके बाद सच्चाई सामने आ जाएगी।















/odishatv/media/media_files/2026/04/19/billionaire-entrepreneur-2026-04-19-23-55-02.jpg)


