लखनऊ: बसपा अध्यक्ष मायावती ने उत्तर प्रदेश की गोरखपुर और फूलपुर लोकसभा उपचुनाव में सपा से गठबंधन की खबरों को गलत बताया. मगर राज्यसभा और प्रदेश विधान परिषद के आगामी चुनावों में सपा और कांग्रेस के साथ ‘सहयोग’ के दरवाजे खोल दिये.

मायावती ने संवाददाताओं से कहा कि ‘बसपा ने कर्नाटक के अलावा अन्य किसी भी प्रदेश में किसी भी पार्टी के साथ समझौता या गठबंधन नहीं किया है.
पिछले दो तीन दिन से मीडिया में खबरें प्रचारित की जा रही हैं कि उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव के लिये सपा और बसपा का गठबंधन हो गया है या होने वाला है, जो गलत है. उत्तर प्रदेश में सपा और बसपा तथा अन्य किसी पार्टी के साथ जब भी लोकसभा चुनाव के लिये गठबंधन होगा, तो वह गुपचुप नहीं बल्कि खुलकर होगा.’



















