नई दिल्ली:तमाम कयासों के बीच चुनाव आयोग ने बुधवार को बिहार विधानसभा चुनावों की तारीखों का ऐलान कर दिया है. राज्य में पांच चरणों में 12 अक्टूबर से 5 नवंबर के बीच चुनाव होंगे. जबकि 8 नवंबर को वोटों की गिनती की जाएगी. राज्य में तारीखों की घोषणा के साथ ही आचार संहिता लागू हो गई है.

पहले चरण के मतदान के लिए 16 सितंबर को अधिसूचना जारी होगी. 12 अक्टूबर को पहले चरण का मतदान होगा. दूसरे चरण की वोटिंग 16 अक्टूबर को होगी, जबकि इसके लिए 21 सितंबर को अधिसूचना जारी की जाएगी. इसी तरह तीसरे चरण का मतदान 28 अक्टूबर को, चौथे चरण का मतदान 1 नवंबर और पांचवें चरण की वोटिंग 5 नवंबर को होगी. वोटों की गिनती 8 नवंबर को की जाएगी और इसी दिन नतीजे घोषित किए जाएंगे.
पहले चरण में 49 सीटों पर चुनाव होंगे, जबकि दूसरे चरण में 32 सीटों पर. तीसरे चरण में 50 विधानसभा सीटों पर वोट डाले जाएंगे, चौथे चरण में 55 सीटों पर और पांचवें चरण में 57 सीटों पर मतदान होगा.
राज्य में चुनाव की तैयारियों से आयोग ने संतुष्टि जताई है. बिहार में 6.68 करोड़ मतदाता हैं. जबकि 243 विधानसभा सीटों में से 47 नक्सल प्रभावित हैं. मुख्य चुनाव आयुक्त नसीम अहमद जैदी ने कहा कि आयोग प्रदेश में निष्पक्ष चुनाव के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने कहा कि तारीखों का चयन त्योहारों को ध्यान में रखकर किया गया है. सुरक्षा के मद्देनजर हेलीकॉप्टर, मोटर बोट और घुड़सवार दल की मदद से चुनाव की निगरानी की जाएगी.
आयोग ने माना कि राज्य में 38 में से 29 जिले नक्सल प्रभावित हैं. जैदी ने बताया कि अवैध हथियार और अवैध शराब रखने वालों पर कार्रवाई की जाएगी. सभी सीटों पर अर्धसैनिक बलों की तैनाती होगी. मतदाताओं की सुविधा के लिए EVM में उम्मीदवारों की तस्वीर भी लगी होगी. चुनाव से पहले सभी शस्त्र निगरानी में जमा करवाए जाएंगे. हर विधानसभा में दो मॉडल मतदान केंद्र होंगे.
इससे पहले मंगलवार को हुई बैठक में चुनाव के चरणों के साथ ही सुरक्षा के क्या इंतजाम पर चर्चा की गई. सुरक्षा के मद्देनजर चुनाव आयोग ने केंद्र से अर्धसैनिक बलों की 50 कंपनियों की मांग की है. त्योहार के मौसम को देखते हुए इस बार लंबे समय से बिहार में चुनाव की तारीखों को लेकर माथापच्ची की जा रही थी. लालू और नीतीश एक ही चरण में चुनाव चाहते हैं.
गौरतलब है कि 2010 में बिहार में छह चरणों में बिहार चुनाव को संपन्न कराया गया था. 11 अक्टूबर से 20 नवंबर तक छह चरणों में वोट डाले गए थे. बिहार में विधानसभा का कार्यकाल 29 नवंबर को खत्म हो रहा है इसलिए 29 नवंबर से पहले नई सरकार का गठन जरूरी है.
सत्ताधारी नीतीश कुमार की जेडीयू और लालू प्रसाद की आरजेडी के साथ कांग्रेस ने मिलकर महागठंबधन तैयार किया है. इसका सीधा मुकाबला बीजेपी नीत एनडीए से होगा. एनडीए में राम विलास पासवान की एलजेपी, जीतन राम मांझी की ‘हम’ और आरएलएसपी है.


















