इस्लामिक स्टेट के लड़ाकों ने महिला कुर्दिश लड़ाका रेहाना का सर कलम कर दिया है। सीरिया और तुर्की के बॉर्डर पर स्थित कोबाने में आईएस के खिलाफ विमिन प्रोटेक्शन ग्रुप की ओर से लड़ने वाली रेहाना हाल में बहुत फेमस हो गईं थीं। कुर्दिश लड़ाकों की मानें तो आईएस के 100 आतंकियों को रेहाना ने अकेले मार गिराया था।
विक्टरी साइन बनाए रेहाना की पिक्चर को सोशल मीडिया में काफी पसंद किया गया था। कुर्दिश लड़ाके रेहाना को हिम्मत और हौसले के प्रतीक के तौर पर पेश करते थे। अब सोशल मीडिया पर एक आईएस आतंकी के हाथ में रेहाना का सिर लिए फोटो शेयर हो रहा है। हालांकि अभी तक रेहाना की मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
कुर्द के लिए महिला लड़ाके बहुत अहमियत रखते हैं। ये आतंकियों के खिलाफ लड़ने में खुद को भाग्यशाली समझती हैं। इनकी बहादुरी के किस्से भी बड़े मशहूर हैं। कुछ समय पहले एक महिला फाइटर ने खुद को बम से उड़ा लिया था, लेकिन उसमें दर्जन भर आतंकी भी मारे गए थे।
एक और बात है इन महिला लड़ाकों में, जिससे आईएस के लड़ाके सबसे ज्यादा डरते हैं। आईएस के लड़ाकों में यह धारणा आम है कि युद्ध में अगर किसी मर्द के हाथों मारे गए तो स्वर्ग में 72 वरजिन मिलेंगी। लेकिन अगर किसी महिला के हाथों मौत हुई तो एक भी वरजिन नसीब नहीं होगी।