नई दिल्ली
भारत की पहली हाई-स्पीड ट्रेन का ट्रायल रन आज नई दिल्ली से आगरा के बीच सुबह 11:15 पर शुरू हुआ। इस ट्रेन ने ट्रायल रन में दिल्ली से आगरा की दूरी एक घंटे चालीस मिनट में तय की। माना जा रहा है कि ट्रेन करीब 140 से 160 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से दौड़ी।
हाई स्पीड ट्रेन आज दिन में 11:15 पर नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से रवाना होने के बाद के सीधे आगरा जाकर रुकी। ट्रेन के ताज नगरी आगरा 1:20 पर पहुंचने का समय रखा था, लेकिन ट्रेन 12:55 पर आगर पहुंच गई। इस ट्रेन में स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस जैसे दस एसएलबी कोच थे। इसका इंजन 5400 हार्स पावर का है।
दिल्ली-आगरा रूट पर ट्रेन के संचालन के लिए ट्रैक को बेहद मुस्तैदी से दुरुस्त किया गया। वापसी में यह आगरा से दोपहर 1:50 पर चलकर 3:55 पर नई दिल्ली स्टेशन पहुंचेगी। फिर नई दिल्ली स्टेशन पर ट्रेन की जांच फिर से की जाएगी।
रेल अनुसंधान एवं मानक संगठन (आरडीएसओ) लखनऊ देश की इस हाई स्पीड ट्रेन के संचालन की तैयारी में काफी समय से जुटा था। कल भी दिल्ली में आरडीएसओ की टीम ने इंजन और कोच का बारीकी से परीक्षण किया था। इसके साथ ही नई दिल्ली से आगरा के उस ट्रैक का भी पूरा परीक्षण किया गया जिस पर इस ट्रेन का ट्रायल होगा। परीक्षण सफल रहने पर अक्टूबर से इस ट्रेन को नियमित नई दिल्ली से आगरा के बीच संचालित किया जाएगा।