यमन की राजधानी सनआ में हुए एक कार बम विस्फोट में कम से कम 28 लोग मारे गए हैं जिनमें कई महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।
यह कार बम विस्फोट, एक सैन्य अस्पताल के पीछे उस समय हुआ जब एक परिवार के लोगों के एक अन्य विस्फोट में मारे जाने पर शोक समारोह आयोजित हुआ था। फ़्रांस प्रेस के अनुसार इस हमले का लक्ष्य अंसारुल्लाह जनांदोलन के दो नेताओं फ़ैसल और हामिद जियाश की हत्या करना था। ये दोनों सगे भाई हैं। आतंकी संगठन आईएसआईएल ने इंटरनेट पर एक संदेश जारी करके इस कार बम धमाके की ज़िम्मेदारी स्वीकार कर ली है और कहा है कि इसका उद्देश्य हूसियों से बदला लेना था।
इस बीच यमन की सेना ने सऊदी अरब के रियाज़ प्रांत में स्थित एक सैन्य छावनी को मीज़ाइल से निशाना बनाया है। सऊदी अरब पर यमन की ओर से यह इस प्रकार का दूसरा हमला है। सोमवार की रात यमन की सेना ने रियाज़ प्रांत के सुलय्यिल क्षेत्र में स्थित एक सैन्य छावनी पर स्कड मीज़ाइल से हमला किया। यमनी सेना का कहना है कि यह हमला, सऊदी अरब के हवाई हमलों के जवाब में किया गया है।



















